प्रयागराज में दर्दनाक हादसा: गंगा नदी में डूबने से चार बच्चों की मौत, गांव में मातम
प्रयागराज के माड़ा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां गंगा नदी में नहाने गए चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे कुछ बच्चे गंगा नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके दोस्त एक-एक कर नदी में कूद पड़े, लेकिन गहराई और तेज बहाव के कारण सभी बच्चे डूबते चले गए। इस हादसे में दो सगे भाइयों की भी जान चली गई, जिससे परिवार पूरी तरह टूट गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है—उन्होंने कहा, “मेरा पूरा चिराग बुझ गया।”
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद पहले दो बच्चों के शव निकाले गए। करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाकी दो बच्चों के शव भी बरामद किए गए।
मृतकों की पहचान
कुनाल (13 वर्ष)
निहाल (10 वर्ष)
ऋषभ (10 वर्ष)
दीपक (17 वर्ष)
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। वहीं स्थानीय नेता गौरव करवरिया भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस दुखद हादसे के बाद पूरे गांव के लोग गंगा किनारे इकट्ठा हो गए और शोक में डूबे नजर आए। प्रशासन द्वारा लोगों से अपील की गई है कि नदी में नहाते समय सतर्कता बरतें और बच्चों को अकेले पानी में न जाने दें।
रिपोर्टर -: विवेक मिश्रा, मुंबई