logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण सम्पन्न

तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण सम्पन्न

एक अप्रैल से प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को देंगे प्रशिक्षण

जनगणना का प्रथम चरण 01 मई से प्रारंभ

भारत सरकार द्वारा आगामी जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण कार्य 01 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस संबंध में जिले में व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं।
प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के नेतृत्व में तथा जिला जनगणना अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री अरविन्द माहौर की उपस्थिति में 24 से 26 मार्च 2026 तक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लिए नियुक्त फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों का प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट परिसर में तथा शहरी क्षेत्रों का प्रशिक्षण जिला पंचायत मुरैना के सभागार में सम्पन्न हुआ।
जिला जनगणना अधिकारी श्री माहौर ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में 01 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। इस हेतु जिले में कुल 18 चार्ज अधिकारी क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के लिए 7 तहसीलें तथा शहरी क्षेत्र के लिए 7 नगरीय निकाय एवं 1 नगर निगम शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जिले की जनसंख्या लगभग 19 लाख 65 हजार 970 थी, जबकि आगामी जनगणना के उपरांत वर्ष 2027 तक संभावित जनसंख्या 25 लाख 71 हजार 464 तक पहुँचने का अनुमान है।
मकान सूचीकरण कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु जिले में कुल 3,474 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) बनाए गए हैं। प्रत्येक एचएलबी में लगभग 1,000 की जनसंख्या तथा 180 से 200 मकान सम्मिलित होंगे। प्रत्येक एचएलबी पर एक प्रगणक नियुक्त किया गया है, इस प्रकार कुल 3,474 प्रगणकों की तैनाती की गई है। इनके कार्यों के पर्यवेक्षण हेतु प्रत्येक 6 प्रगणकों पर 1 सुपरवाइजर नियुक्त किया गया है, जिससे कुल 581 पर्यवेक्षक कार्यरत रहेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में तहसीलदार को चार्ज अधिकारी तथा शहरी क्षेत्रों में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को चार्ज अधिकारी बनाया गया है। नगर निगम क्षेत्र के लिए 4 जोनल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
प्रशिक्षण व्यवस्था के अंतर्गत जिले में 73 फील्ड ट्रेनर्स नियुक्त किए गए हैं, साथ ही आवश्यकता अनुसार रिजर्व ट्रेनर्स भी उपलब्ध रखे गए हैं। ये सभी फील्ड ट्रेनर्स 01 अप्रैल 2026 से अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान 01 मई से प्रारंभ होने वाले घर-घर सर्वेक्षण एवं जानकारी संकलन की विस्तृत प्रक्रिया समझाई जाएगी।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh

21
532 views

Comment