तमंचा लेकर घर में घुसा फार्मासिस्ट, पुलिस की सतर्कता से टली वारदात
शाहजहांपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक फार्मासिस्ट तमंचा लेकर घर में घुस गया और वसूली का प्रयास करने लगा। हालांकि, पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों की तत्परता से एक बड़ी वारदात टल गई।
जानकारी के अनुसार, खलील गर्बी निवासी राजाराम के घर देर रात फार्मासिस्ट नीलमणि चौधरी अपने एक साथी के साथ जबरन घुस आया। आरोप है कि उसने 315 बोर का तमंचा तानकर करीब पांच हजार रुपये की मांग की, जिससे घर में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पास में तैनात पिकेट पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा छीन लिया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस से अभद्रता करने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
सूचना पर कोतवाली सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश सिंह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके पास से 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली सदर बाजार में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।