logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सिंगरौली में पुलिस पर अवैध उगाही का आरोप, पत्रकार का कैमरा छीना।

देवी स्थल के नाम पर वसूली का खेल!

कुंदवार चौकी क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाकर ₹300 वसूली का आरोप, वीडियो बनाते ही पुलिसकर्मी बौखलाए।

सिंगरौली।
मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। देवसर क्षेत्र के कुंदवार चौकी अंतर्गत बैनाकुंनण्ड पहाड़ी स्थित देवी स्थल जाने वाले मार्ग पर पुलिस द्वारा कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, कुंदवार चौकी में पदस्थ पुलिसकर्मी दिलीप कुमार त्रिवारी, जो स्वयं को चौकी प्रभारी का रिश्तेदार बताकर कार्यवाही कर रहे थे, देवी स्थल से करीब 2 किलोमीटर पहले बैरिकेडिंग लगाकर बाइक सवारों को रोकना शुरू कर दिया। आरोप है कि मंदिर तक वाहन ले जाने के नाम पर प्रत्येक बाइक चालक से ₹300 की मांग की जा रही थी।
इसी दौरान सी न्यूज के एक पत्रकार भी बाइक से देवी स्थल की ओर जा रहे थे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें पहचान नहीं पाया और उनसे भी अन्य लोगों की तरह ₹300 की मांग की। जब पत्रकार ने पैसे देने से इनकार किया और इस वसूली पर सवाल उठाए, तो मौके पर तीखी बहस शुरू हो गई।

मामला तब और गर्मा गया जब पत्रकार ने पूरी घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि वीडियो बनता देख पुलिसकर्मी भड़क गए और पहले तो पत्रकार का ही वीडियो बनाने लगे, इसके बाद दौड़कर उनका कैमरा छीन लिया।

पत्रकार ने मौके पर ही बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और वसूली के संबंध में लिखित आदेश की मांग की, लेकिन पुलिसकर्मी कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

सवालों के घेरे में व्यवस्था,

इस घटनाक्रम ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या वास्तव में देवी स्थल के नाम पर वसूली की जा रही थी? क्या बैरिकेडिंग और चेकिंग के लिए कोई वैध आदेश था? और सबसे बड़ा सवाल, क्या आम जनता के साथ इस तरह का व्यवहार जायज है?

प्रशासन से कार्रवाई की मांग,

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद स्थानीय लोगों और पत्रकारों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

0
0 views

Comment