रामनवमी जुलूस में उपद्रव के बाद भिखराजपुर पहुंचे डीसी-एसएसपी, सख्त कार्रवाई के संकेत
स्थिति नियंत्रण में, असामाजिक तत्वों की पहचान कर होगी कानूनी कार्रवाई
धनबाद, 28 मार्च 2026:-रामनवमी के दौरान बलियापुर थाना क्षेत्र के भिखराजपुर में हुए उपद्रव के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। देर रात उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी Aditya Ranjan और वरीय पुलिस अधीक्षक Prabhat Kumar ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बताया गया कि अखाड़ा जुलूस के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उपद्रव किया गया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन के वरीय अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित कर लिया।
उपायुक्त ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे इलाके में लगातार गश्त की जा रही है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मामले की जांच की जा रही है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
मौके पर सिटी एसपी Ritwik Srivastava, अनुमंडल दंडाधिकारी Lokesh Barange, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर Hema Prasad, डीएसपी Shankar Kamti, Arvind Kumar Singh और एसडीपीओ सिंदरी Ashutosh Satyam सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।