अप्रैल से शुरू होगी SIR, भ्रामक खबरों पर निर्वाचन विभाग की सफा़ई। मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर आधिकारिक पुष्टि, अप्रैल से शुरू होगी प्रक्रिया
देहरादून | 27 मार्च 2026
उत्तराखंड में प्रस्तावित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR – Special Intensive Revision) को लेकर फैल रही भ्रामक खबरों पर निर्वाचन विभाग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। राज्य के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदेश में अभी SIR प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, बल्कि यह अप्रैल माह से प्रारंभ की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कुछ माध्यमों में SIR को लेकर गलत और भ्रामक सूचनाएं प्रकाशित की जा रही हैं, जो तथ्यों पर आधारित नहीं हैं। विभाग ने मीडिया और आम जनता से अपील की है कि किसी भी सूचना को प्रकाशित या साझा करने से पहले निर्वाचन विभाग से सत्यापन अवश्य कर लें, ताकि अनावश्यक भ्रम की स्थिति न बने।
2025 की मतदाता सूची का 2003 के रिकॉर्ड से मिलान -
निर्वाचन विभाग के अनुसार वर्तमान में वर्ष 2025 की मतदाता सूची का मिलान वर्ष 2003 की सूची से किया जा रहा है। यह प्रक्रिया SIR से पहले की तैयारी का महत्वपूर्ण चरण है, जिससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।
अधिकारियों के अनुसार अब तक लगभग 85 प्रतिशत तक मैपिंग कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष कार्य को SIR शुरू होने से पहले अधिकतम सीमा तक पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
इन जिलों में धीमी प्रगति:
विभागीय जानकारी के अनुसार देहरादून, हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिलों में मैपिंग की गति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई है। इसके प्रमुख कारणों में मतदाताओं का अपने पते पर उपलब्ध न होना, निवास स्थान बदल लेना तथा संपर्क न हो पाना शामिल है।
विशेष रूप से धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र (देहरादून) में अब तक लगभग 70 प्रतिशत मैपिंग ही पूरी हो सकी है, जिस पर निर्वाचन विभाग विशेष ध्यान दे रहा है।
राजनीतिक दल भी सक्रिय, हजारों BLA नियुक्त:
मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। विभिन्न दलों द्वारा बड़ी संख्या में बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त किए गए हैं, जो मतदाता सूची को अपडेट और सत्यापित करने की प्रक्रिया में सहयोग करेंगे।
जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी ने 9200 से अधिक BLA नियुक्त किए हैं, जबकि कांग्रेस ने 9500 से अधिक BLA तैनात किए हैं।
आधिकारिक वेबसाइट से लें जानकारी:
निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि SIR तथा मतदाता सूची से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट CEO Uttarakhand (ceo.uk.gov.in) का ही उपयोग करें। यहां सभी अद्यतन और प्रमाणिक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक नियमित लोकतांत्रिक प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए नागरिकों, राजनीतिक दलों और प्रशासन का सहयोग आवश्यक है।