logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

डॉ. संदीप सरावगी ने दिखाई आस्था की राह, भव्य शोभायात्रा को दी हरी झंडी

झाँसी। एकल अभियान के तत्वावधान में बुंदेलखंड अंचल की ऐतिहासिक धरती झांसी पर श्रीराम जन्मोत्सव का पावन पर्व अद्भुत श्रद्धा, उल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम एवं शोभायात्रा ने सम्पूर्ण नगर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
महारानी लक्ष्मी पार्क से प्रारंभ हुई यह दिव्य शोभायात्रा मिनर्वा चौराहा और झांसी किला होते हुए हनुमान मंदिर तक पहुंची। मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़, राम नाम के गगनभेदी जयकारे और भक्ति गीतों की मधुर ध्वनि ने वातावरण को अलौकिक बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. संदीप सरावगी द्वारा किया गया, जिन्होंने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि श्रीराम केवल एक आस्था नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और मर्यादा के जीवंत प्रतीक हैं, जिनके आदर्श समाज को एकता, सद्भाव और नैतिकता का मार्ग दिखाते हैं।
इस अवसर पर अंचल समिति अध्यक्ष डॉ. अतुल गोयल, महिला समिति अध्यक्ष मीनू राजावत, प्राथमिक शिक्षा प्रभारी महेश पटेरिया, श्रीमती नीता अवस्थी, अंचल सचिव पवन कुशवाहा एवं अंचल अभियान प्रमुख केशव सिंह सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। साथ ही राजकुमार, कौशल किशोर, बालाराम तथा संच प्रशिक्षक हकीम, रविंद्र, मिथुन, अवनीश और राकेश सहित झांसी अंचल की लगभग 90 ग्राम पंचायतों से आए आचार्य भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
शोभायात्रा में सुसज्जित झांकियां, भजन-कीर्तन एवं पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालुओं ने आयोजन को अद्वितीय भव्यता प्रदान की। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, संयम और सुव्यवस्था का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला।
यह आयोजन केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि समाज में सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन, आपसी एकता और सद्भाव के संदेश का सशक्त माध्यम बनकर उभरा, जिसमें डॉ. संदीप सरावगी के नेतृत्व और प्रेरणा ने विशेष भूमिका निभाई।

1
532 views

Comment