लोकसभा में सांसद राजकुमार चाहर ने बाह-बटेश्वर को अटल नगर बनाकर नया जिला बनाने की मांग की
आगरा । लोकसभा के बजट सत्र के दौरान भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने बाह-बटेश्वर को “अटल नगर” घोषित कर नया जिला बनाने की जोरदार मांग उठाई।
सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि संसदीय क्षेत्र फतेहपुर सीकरी का बाह-बटेश्वर, भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी का पैतृक गांव है। इसके साथ ही जैन धर्म के 22वें तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ जी की तपोस्थली सोरीपुर-बटेश्वर के रूप में भी विश्व स्तर पर प्रसिद्ध है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बाह-बटेश्वर पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र है, लेकिन अभी तक उसे वह पहचान और संसाधन नहीं मिल पाए हैं, जिसके वह हकदार हैं। आगरा जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर होने के कारण प्रशासनिक सुविधाओं में भी लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
सांसद चाहर ने कहा कि वर्तमान में श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी का जन्म शताब्दी वर्ष चल रहा है, ऐसे में बाह-बटेश्वर को “अटल नगर” बनाकर नया जिला घोषित करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। साथ ही इससे क्षेत्र के चौमुखी विकास को नई गति मिलेगी और पर्यटन, रोजगार व बुनियादी ढांचे में बड़ा सुधार आएगा।
उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की, ताकि बाह क्षेत्र की जनता को विकास की नई सौगात मिल सके।