उधारी विवाद में महिला पर लाठी-डंडों से हमला, बचाने आए पति को भी पीटा; चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
शाहजहांपुर।
जिले के थाना बंडा क्षेत्र में उधारी के पैसे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव संडिया में एक महिला पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे पति को भी आरोपियों ने पीटकर घायल कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि गांव निवासी मीना देवी के पति कल्लू का गांव के ही रामलखन, शिवलखन, बड़े और मझिल से उधारी के पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार को पैसे मांगने को लेकर कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद आरोपियों ने आक्रोशित होकर मीना देवी को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पत्नी को बचाने पहुंचे कल्लू को भी नहीं बख्शा गया और उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया गया।
मारपीट के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला और चर्चा में आ गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भिजवाया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।