मैनपुरी में विधवा की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, पत्रकार पर दबंगई के गंभीर आरोप
मैनपुरी के मोहल्ला विवेक विहार कॉलोनी में एक विधवा की जमीन पर अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि स्थानीय पत्रकार चंद्रपाल शाक्य ने तीन लोगों के हिस्से की जमीन पर अकेले ही निर्माण कार्य करवा लिया, जो कि पूरी तरह नियमों के खिलाफ बताया जा रहा है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, उक्त जमीन साझा स्वामित्व में थी, लेकिन निर्माण के दौरान अन्य हिस्सेदारों की सहमति नहीं ली गई। निर्माण कार्य 10×30 के क्षेत्र में किया गया, जबकि छत पर लगभग 3 फीट अतिरिक्त जगह पर भी कब्जा कर लिया गया है। इससे अन्य हिस्सेदारों के अधिकारों का उल्लंघन होने का आरोप लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पत्रकार द्वारा खुलेआम यह कहा गया है कि कोई भी इस कब्जे को खाली नहीं करा सकता, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
मामले की शिकायत जिलाधिकारी मैनपुरी से की गई है। पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर अवैध निर्माण हटवाने और न्याय दिलाने की मांग की है। स्थानीय प्रशासन की कार्रवाई पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं।