logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के टॉप-100 छात्र शैक्षिक भ्रमण पर रवाना, एसडीएम ने दिखाई हरी झंडी

पहाड़ी चित्रकूट संवाददाता।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चित्रकूट बी.के. शर्मा के निर्देशानुसार विकास खण्ड पहाड़ी स्तर पर राष्ट्रीय आविष्कार अभियान क्विज प्रतियोगिता में चयनित टॉप-100 छात्र-छात्राओं का शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम सत्र 2025-26 के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप जिलाधिकारी राजापुर फूलचंद्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड शिक्षा अधिकारी पहाड़ी राजेश कुमार ने की। एआरपी विज्ञान आलोक कुमार साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान विज्ञान क्विज प्रतियोगिता की परीक्षा 20 दिसंबर 2025 को स्व. रघुवीर प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज, पहाड़ी में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में ब्लॉक संसाधन केंद्र पहाड़ी के लगभग 78 कंपोजिट एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था।
प्रतियोगिता में चयनित 100 प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को शैक्षिक भ्रमण के तहत प्रयागराज ले जाया गया, जहां उन्होंने संग्रहालय, तारामंडल, आनंद भवन तथा चंद्रशेखर पार्क का शैक्षिक अवलोकन किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा ऐतिहासिक एवं वैज्ञानिक स्थलों की जानकारी प्रदान करना रहा।
खण्ड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन के लिए दो बसों की व्यवस्था की गई थी। एक बस बीआरसी पहाड़ी से तथा दूसरी बस सरधुआ के अर्की मोड़ से रवाना हुई। दोनों बसों में सात शिक्षक एवं दो शिक्षिकाओं की ड्यूटी लगाई गई तथा प्रत्येक बस में एक-एक एआरपी को प्रभारी बनाया गया। सभी विद्यार्थियों के अभिभावकों से पूर्व में सहमति पत्र भी लिया गया।
इस अवसर पर एआरपी गणित संतोष कुमार सिंह, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक रामनारायण साहू, शिक्षक सुरेन्द्र सिंह, मनोज कुमार द्विवेदी, प्रमोद कुमार शुक्ला, कमलेश कुमार गुप्ता, विक्रम सिंह, अभिषेक सिंह चौहान तथा शिक्षिकाएं रंजना सिंह व रश्मि सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

0
112 views

Comment