स्मैक तस्कर की 80 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, 8 खेत व 2 मकानों पर कार्रवाई
शाहजहांपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात स्मैक तस्कर रियाज उर्फ बाबू पडेरा की करीब 80 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज कर दी। कार्रवाई के दौरान आठ खेत, दो मकान, दो ईंट भट्ठे, एक कॉम्प्लेक्स, एक कार और दो ट्रैक्टर को प्रशासन ने अपने कब्जे में लिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और संपत्तियों पर जब्ती के बोर्ड लगा दिए गए।
पुलिस के अनुसार कटरा थाना क्षेत्र निवासी रियाज उर्फ बाबू पडेरा लंबे समय से स्मैक तस्करी में सक्रिय था। वह पहले भी दूसरे राज्य की पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने दोबारा अवैध कारोबार शुरू कर दिया और इससे करोड़ों की संपत्ति अर्जित की।
पिछले दो महीनों में पुलिस ने कई तस्करों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने पूछताछ में रियाज से स्मैक खरीदने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने रियाज को भी स्मैक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जांच में सामने आया कि उसकी अधिकांश संपत्ति अवैध कमाई से अर्जित की गई है, जिस पर अब कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि आरोपी की करीब 80 करोड़ रुपये की संपत्ति को फ्रीज किया गया है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध संपत्तियों को जब्त किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने अपनी गतिविधियों को छिपाने के लिए एक कॉम्प्लेक्स भी बनवाया था और राजनीतिक पहचान बनाने के लिए उस पर काफी खर्च किया। बताया जाता है कि इसी कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन सत्तापक्ष के एक विधायक द्वारा किया गया था।