शटडाउन के बावजूद सप्लाई चालू, लाइनमैन की मौत: परिजनों का हंगामा
"उमेश कन्नौजिया"🖊
"विद्युत उपकेंद्र पर लाइनमैन की करंट से मौत, पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप"
खेजुरी/बलिया :खेजुरी ब्लाक के अंतर्गत रतसड़ विद्युत उपकेंद्र पर तैनात संविदा लाइनमैन हृदय नारायण यादव (35) की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इस घटना से आहत परिजनों ने विभागीय कर्मचारियों पर जानबूझकर सप्लाई चालू कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतक की पत्नी पूनम देवी ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनके पति बुधवार की शाम करीब सात बजे उपकेंद्र से विधिवत ‘शट डाउन' लेकर गांव में बिजली का फाल्ट ठीक करने का काम शुरू किए थे। उसी समय फीडर पर तैनात कर्मचारी बिना सूचना सप्लाई चालू कर दिए। इससे करंट की चपेट में आने से हृदय नारायण झुलसकर पोल से नीचे गिर पड़े। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचायागया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पूनम देवी ने यह भी आरोप लगाया कि शटडाउन की सूचना उपकेंद्र पर दर्ज कर वह काम पर गए थे। अवर अभियंता, एसडीओ और कर्मचारियों को भी इसकी जानकारी मोबाइल फोन से दी थी। इसके बावजूद किसी ने यह सुनिश्चित नहीं किया कि काम पूरा हुआ या नहीं। लापरवाही के कारण उनकी जान चली गई। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष, खेजुरी मिथिलेश कुमार ने बताया कि रतसर विद्युत उपकेंद्र पर तैनात संविदा लाइनमैन की मौत के मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों की भूमिका की जांच की जाएगी।