logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शाहजहांपुर में पुनः स्थापित हुईं शहीदों की प्रतिमाएं, माल्यार्पण कर दी गई श्रद्धांजलि

शाहजहांपुर। शहर में बुलडोजर से तोड़ी गई अमर शहीदों की प्रतिमाओं को गुरुवार को पुनः उसी स्थान पर स्थापित कर दिया गया। नगर निगम प्रशासन ने मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर प्रतिमाओं को सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापित कराया। इस अवसर पर नगर आयुक्त और महापौर सहित जनप्रतिनिधियों ने माल्यार्पण कर शहीदों को नमन किया।

गौरतलब है कि 22 मार्च की रात गांधी भवन के पास कार्यदायी संस्था द्वारा पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और ठाकुर रोशन सिंह की प्रतिमाओं को बुलडोजर से गिरा दिया गया था। घटना के वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद शहर में आक्रोश फैल गया था। राजनीतिक स्तर पर भी मामला तूल पकड़ गया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए संबंधित फर्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, उसे ब्लैकलिस्ट करने तथा लापरवाही बरतने वाले जेई और एई को निलंबित करने के निर्देश दिए थे। साथ ही, 24 घंटे के भीतर प्रतिमाओं को पुनः स्थापित करने का आदेश दिया गया था।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम ने दिन-रात कार्य कर प्रतिमाओं को पुनः स्थापित किया। इस दौरान नगर आयुक्त डॉ. विपिन मिश्रा और महापौर अर्चना वर्मा ने पार्षदों के साथ पहुंचकर माल्यार्पण किया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

नगर आयुक्त डॉ. विपिन मिश्रा ने बताया कि शासन के निर्देशों का पालन करते हुए प्रतिमाओं को पुनः स्थापित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्थल पर सौंदर्यीकरण का कार्य भी जारी है, जिसे तय समय सीमा में पूरा कर लिया जाएगा।

महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि शहीदों का सम्मान सर्वोपरि है और प्रतिमाओं को पूरे आदर के साथ स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद विधिवत उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें शहरवासियों को आमंत्रित किया जाएगा।

6
236 views

Comment