लुरिनज्योति गोगोई के हलफनामे में विसंगति पर छिड़ी नई बहस :-
असम की राजनीति में एक नया विवाद उस समय सामने आया जब एजेपी (असम जातीय परिषद) के प्रमुख लुरिनज्योति गोगोई के दो चुनावी हलफनामों में उम्र को लेकर स्पष्ट अंतर पाया गया। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में डिब्रूगढ़ से दाखिल हलफनामे में उन्होंने अपनी आयु 45 वर्ष बताई थी, जबकि 2026 के आगामी विधानसभा चुनाव में खोवांग सीट से दाखिल नवीनतम हलफनामे में उनकी आयु 43 वर्ष दर्ज की गई है। चुनावी हलफनामे विधिक रूप से बाध्यकारी दस्तावेज होते हैं, जिनमें प्रत्याशी द्वारा दी गई प्रत्येक जानकारी सत्य और सटीक होना अनिवार्य है। ऐसे में इस प्रकार की विसंगति ने पारदर्शिता और विश्वसनीयता को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इस मुद्दे पर अब तक न तो गोगोई और न ही उनकी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आया है। इसी बीच, गोगोई ने अपने चुनाव प्रचार को तेज करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने असम समझौते के क्लॉज-6 के क्रियान्वयन में विफलता, बढ़ते भ्रष्टाचार, भूमि विवादों और प्रेस पर कथित दबाव जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार को कठघरे में खड़ा किया है।