logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

रांची में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़, जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

जिला प्रशासन द्वारा गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। गुप्त सूचना के आधार पर 24 मार्च 2026 को रांची के एदलहातु क्षेत्र में स्थित एक मकान में छापेमारी कर घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलिंडरों के अवैध भंडारण और रिफिलिंग का खुलासा किया गया।

प्रशासन को मिली सूचना के बाद रात करीब 8:55 बजे टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा। छापेमारी के दौरान मकान से बड़ी संख्या में गैस सिलिंडर और रिफिलिंग से जुड़े उपकरण बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि उक्त मकान किराए पर लिया गया था, जहां एक व्यक्ति द्वारा घरेलू गैस सिलिंडरों को अवैध तरीके से रिफिल कर कालाबाजारी की जा रही थी।

क्या-क्या हुआ बरामद

छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम ने निम्नलिखित सामग्री जब्त की:

14.2 किग्रा के 3 भरे हुए इंडेन घरेलू गैस सिलिंडर

14.2 किग्रा के 2 खाली इंडेन सिलिंडर

14.2 किग्रा का 1 भरा हुआ एचपी गैस सिलिंडर

5 किग्रा का 1 खाली छोटा इंडेन सिलिंडर

19.2 किग्रा के 2 खाली गो गैस व्यावसायिक सिलिंडर

बड़े सिलिंडर से छोटे सिलिंडर में गैस भरने की मशीन, रेगुलेटर और पाइप

गैस का वजन मापने के लिए डिजिटल मशीन


प्रशासन की टीम ने मौके पर ही सभी बरामद सामग्री की विस्तृत जप्ती सूची तैयार की और सिलिंडरों एवं उपकरणों को संबंधित गैस एजेंसियों को सुरक्षित रूप से सौंप दिया।

किल्लत के बीच सख्ती तेज

बताया जा रहा है कि रांची जिले में इन दिनों एलपीजी सिलिंडरों की कमी और कालाबाजारी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इसी के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने निगरानी और छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध भंडारण, रिफिलिंग और कालाबाजारी में संलिप्त लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में संबंधित थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कर ली गई है।

नागरिकों से सहयोग की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस सिलिंडर की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या रिफिलिंग की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन या नजदीकी थाने को सूचित करें। इसके अलावा ईमेल lpgranchi2026@gmail.com या "अबुआ साथी" के व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से भी जानकारी दी जा सकती है।

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि ऐसे अवैध कार्यों में शामिल लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

1
0 views

Comment