*बाड़मेर / बाखासर से बड़ी खबर-बाखासर रण में आज गूंजेगा संगीत का महासंगम, “रण की गूंज – वाणी उत्सव” को लेकर जबरदस्त उत्साह*
बाड़मेर। सीमावर्ती बाखासर के सफेद रण में आज 26 मार्च को खुले आसमान के नीचे प्रकृति की अद्भुत छटा और तेज हवाओं के बीच संगीत का भव्य आयोजन “रण की गूंज – वाणी उत्सव” होने जा रहा है। इस अनूठी संगीत संध्या को लेकर क्षेत्र सहित आसपास के राज्यों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
रूमा देवी फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक देशभर के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से सैकड़ों कलाकार इस मंच पर लोक संस्कृति और संगीत की रंगारंग छटा बिखेरेंगे।
कार्यक्रम की खास बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रूमा देवी स्वयं इसमें उपस्थित रहकर आयोजन की शोभा बढ़ाएंगी।
आयोजकों के अनुसार इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने और सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। सफेद रण की प्राकृतिक सुंदरता के बीच आयोजित यह कार्यक्रम दर्शकों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगा।
यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक संध्या ही नहीं, बल्कि बाखासर रण को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। साथ ही भविष्य में इस क्षेत्र को उद्योग एवं रोजगार के नए केंद्र, विशेष रूप से ड्राई पोर्ट हब के रूप में विकसित करने की संभावनाओं को भी मजबूती मिलेगी।
आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इस ऐतिहासिक आयोजन में पहुंचकर “रण की गूंज” और सुरों के इस अनूठे संगम का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।