रायबरेली के भोजपुर एचपी गैस एजेंसी मे सिलेंडर को लेकर मची अफरातफरी, भीड़ संभालने पुलिस बुलानी पड़ी
रायबरेली (सरेनी) भोजपुर क्षेत्र में बुधवार को रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। चार दिन बाद गैस का ट्रक पहुंचने की सूचना पर लोग सुबह तड़के से ही एजेंसी के बाहर लाइन में लग गए। भीड़ इतनी बढ़ गई कि मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय इंडियन गैस एजेंसी पर सुबह करीब 3 बजे से ही उपभोक्ता कतार में खड़े हो गए थे। एजेंसी खुलने के बाद जैसे ही वितरण शुरू हुआ, भीड़ बेकाबू हो गई और लोग सिलेंडर लेने के लिए आपाधापी करने लगे।
स्थिति बिगड़ते देख एचपी गैस एजेंसी मालिक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को नियंत्रित करते हुए उपभोक्ताओं को लाइन में लगवाया, जिसके बाद वितरण व्यवस्था सुचारू हो सकी। सरेनी थाना प्रभारी रमेश चंद्र यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल भेज दिया गया और वह स्वयं भी मौके पर पहुंचे।
भारी भीड़ के कारण कई उपभोक्ताओं को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। वहीं, उपभोक्ता दुर्गा शंकर पांडे, रामकुमार शुक्ला, परमेश कुमार, चंद्रपाल और विजयपाल ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद उन्हें गैस सिलेंडर मिल सका। उधर, स्थानीय एचपी गैस एजेंसी में बुधवार को भी गैस आपूर्ति नहीं होने से उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई।