नजीबाबाद में राशन डीलर पर मनमानी का आरोप, कई उपभोक्ता परेशान, मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज
नजीबाबाद। शहर के मोहल्ला सब्निग्रान के निवासी अमित कुमार ने स्थानीय राशन डीलर सुशील आर्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि डीलर की अनियमित कार्यशैली के कारण क्षेत्र के कई राशन कार्ड धारक लंबे समय से परेशान हैं।
शिकायत के अनुसार, राशन की दुकान निर्धारित समय पर नहीं खोली जाती और उपभोक्ताओं को बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं। आरोप है कि डीलर सुशील आर्य और उसका पुत्र मधुर मनमाने ढंग से दुकान खोलते और बंद करते हैं, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अमित कुमार ने बताया कि उन्हें दिसंबर 2025, फरवरी 2026 और मार्च 2026 का राशन अब तक नहीं मिला है। उनका कहना है कि कई बार दुकान पर जाकर अनुरोध करने के बावजूद उन्हें राशन नहीं दिया गया। जनवरी 2026 में केवल एक माह का राशन दिया गया, जबकि पिछले महीने का राशन देने से साफ इनकार कर दिया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 25 मार्च को जब वह राशन लेने पहुंचे तो डीलर ने अभद्र व्यवहार करते हुए राशन देने से मना कर दिया। इतना ही नहीं, डीलर ने यह भी कहा कि वह सभी के लिए दुकान खोलकर नहीं बैठा है।
पीड़ित ने बताया कि इस तरह की समस्या से क्षेत्र के अन्य कई उपभोक्ता भी जूझ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषी राशन डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और सभी उपभोक्ताओं को समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए।
स्थानीय लोगों ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई जाए और राशन वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।