मधुबनी जिला के बासोपट्टी में चैती दुर्गा पूजा एवं रामनवमी पर को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट पर है
मधुबनी जिले के बासोपट्टी में चैती दुर्गा पूजा और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाला। बासोपट्टी थाना क्षेत्र में आयोजित इस मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और आम लोगों से शांति व भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च संवेदनशील इलाकों से गुजरा
फ्लैग मार्च का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल कुमार और थाना प्रभारी विकास कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान उनके साथ एसआई विजय कुमार सिंह, सुशील कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।
यह फ्लैग मार्च थाना क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों से गुजरा। प्रशासनिक टीम ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें अफवाहों से दूर रहने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि पर्व केदौरान शांति भंग करने या असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या प्रशासन को देने की अपील की।
भाईचारा और एकता का संदेश
प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता का संदेश देते हैं, इसलिए सभी लोग इसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। थाना प्रभारी विकास कुमार ने यह भी बताया कि पूरे थाना क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और लगातार गश्ती की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फ्लैग मार्च से क्षेत्र में सुरक्षा का स्पष्ट संदेश गया, जिससे आम लोगों में भरोसा बढ़ा। प्रशासन द्वारा पर्व को लेकर हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा-अर्चना कर सकें।