ब्रेकिंग न्यूज़ | मीरगंज से बड़ी खबर
करमपुर कंपोजिट विद्यालय में गूंजा शिक्षा चौपाल का मंच, बच्चों की प्रतिभा देख हर कोई रह गया हैरान
मीरगंज। विकासखंड मीरगंज के न्याय पंचायत बहरौली स्थित कंपोजिट विद्यालय करमपुर में आज शिक्षा चौपाल का आयोजन ऐसा रहा, जिसने पूरे क्षेत्र का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कार्यक्रम में बच्चों ने जब मंच संभाला तो उनकी शानदार प्रस्तुतियों ने माहौल को तालियों की गड़गड़ाहट से भर दिया।
सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से शुरू हुआ यह आयोजन देखते ही देखते एक भव्य सांस्कृतिक महोत्सव में बदल गया। छोटे-छोटे बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने उपस्थित लोगों को हैरान कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान नामांकन बढ़ाने, स्मार्ट क्लास, विज्ञान लैब, डीबीटी के जरिए मिलने वाले लाभ, निशुल्क किताबें और स्वच्छ पेयजल जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षा से जुड़े इन प्रयासों को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
सबसे खास पल तब आया जब बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया गया—उनके चेहरों की खुशी ने पूरे माहौल को भावुक और उत्साहपूर्ण बना दिया। इसके साथ ही मिष्ठान वितरण ने कार्यक्रम में मिठास घोल दी।
कार्यक्रम का संचालन इंचार्ज अध्यापक प्रदीप कुमार ने प्रभावी ढंग से किया। इस मौके पर नोडल संकुल शिक्षक अरविंद कुमार शर्मा, संकुल शिक्षक नरेंद्र सिंह, ध्रुव यदुवंशी, ज्ञानेंद्र कुमार पांडे और ब्लॉक अध्यक्ष सर्वेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ग्राम प्रधान पति सुरेंद्र कुमार, सेवानिवृत्त शिक्षक ढाकन लाल गंगवार, सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी हीरालाल गंगवार, प्रबंध समिति अध्यक्ष सतपाल गंगवार सहित अनेक लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।
शिक्षा चौपाल न सिर्फ एक कार्यक्रम रहा, बल्कि गांव में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का एक बड़ा संदेश भी बन गया।