रामनवमी विसर्जन से पहले उपायुक्त ने घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
जमशेदपुर:
रामनवमी विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने शहर के विभिन्न विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने स्वर्णरेखा, दोमुहानी, बालूघाट, बेलीबोधन, ग्रीन पार्क/डीवीसी, बागबेड़ा घाट एवं शास्त्रीनगर सहित प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा के दृष्टिकोण से घाटों पर बैरिकेडिंग एवं समतलीकरण करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को कम किया जा सके। साथ ही गोताखोरों एवं आपदा प्रबंधन टीमों को विसर्जन के दौरान अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने नगर निकाय एवं जुस्को प्रतिनिधियों को घाटों तक पहुंच मार्ग की मरम्मत, पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने हेतु विशेष निगरानी तथा भीड़ नियंत्रण के लिए वॉच टावर और माइक सेट की व्यवस्था करने को कहा गया। इसके अलावा शोभायात्रा मार्ग एवं घाटों पर ड्रोन और वीडियो कैमरों से निगरानी के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और विसर्जन के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी अखाड़ा समितियों एवं आयोजकों से प्रशासन का सहयोग करने और सरकार द्वारा जारी निर्देशों, विशेषकर झंडे की ऊंचाई से संबंधित नियमों का पालन करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी श्री कुमार शिवाशीष, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम श्री अर्णव मिश्रा, उप नगर आयुक्त जेएनएसी श्री कृष्णा कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री धनंजय, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री राहुल जी आनंद सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
रिपोर्ट: आनंद किशोर