नवारंभ उत्सव में दिखी शिक्षा की नई रोशनी, नन्हें कदमों ने बढ़ाया उज्ज्वल भविष्य की ओर विश्वास
भावलखेड़ा। प्राथमिक विद्यालय नईबस्ती, भावलखेड़ा में मंगलवार को आयोजित नवारंभ उत्सव शिक्षा के प्रति जागरूकता और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदों का प्रतीक बन गया। कार्यक्रम में नन्हें-मुन्ने बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों, अभिभावकों के उत्साह और विद्यालय परिवार के प्रयासों ने माहौल को भावुक और प्रेरणादायक बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 1 में प्रवेश लेने वाले बच्चों का नामांकन कराया गया। छोटे-छोटे बच्चों के उत्साह और अभिभावकों के चेहरे पर गर्व इस बात का संकेत दे रहे थे कि शिक्षा के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी भावलखेड़ा विनय मिश्रा ने परिषदीय विद्यालयों में मिलने वाली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं निःशुल्क सुविधाओं की जानकारी देते हुए अभिभावकों से अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने की अपील की। विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान शंभू दयाल ने नव नामांकित बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुधीर कुमार ने की। इस अवसर पर मेधावी एवं सक्रिय बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षक शिव कुमार, दिनेश आनंद, प्रेक्षा अवस्थी, कल्पना सिंह, गौरी मिश्रा, रामचंद्र, राजीव, विशोक, मोहनी और किरन का विशेष योगदान रहा।
प्रधानाध्यापक राजकुमार तिवारी ने कहा कि विद्यालय को आदर्श शिक्षालय बनाने और क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण एवं रुचिकर शिक्षा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।