logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

अयाना की बेटी खनक राठौर बनीं एक दिन की इटावा एसडीएम

कोटा/इटावा राजस्थान के इटावा उपखंड में मंगलवार को अयाना क्षेत्र की 14 वर्षीय प्रतिभावान बालिका खनक राठौर को एक दिन के लिए उपखंड अधिकारी (SDM) की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर ने खनक के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी और क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी एक मजबूत संदेश दिया कि वे भी नेतृत्व की भूमिका निभा सकती हैं।

खनक राठौर पहले से ही अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए जानी जाती हैं। वे एक नेशनल खिलाड़ी हैं और इंडियाज गॉट टैलेंट के सेमीफाइनल में रनर-अप रह चुकी हैं। इसके अलावा, उन्होंने खेलो इण्डिया बीच गेम्स 2025-26 में भी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए उन्हें थर्ड आईं ब्रेन जिम प्रतीभा नारी अवार्ड 2026 से भी सम्मानित किया जा चुका है।

महिला अधिकारिता विभाग की ब्लॉक सुपरवाइजर शालिनी पारेता ने बताया कि यह पहल बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत की गई है। इसका उद्देश्य क्षेत्र की प्रतिभाशाली बालिकाओं को नेतृत्व, प्रशासन और भविष्य निर्माण के प्रति प्रेरित करना है।

अपने कार्यकाल के दौरान, ‘एक दिन की एसडीएम’ बनीं खनक राठौर ने तहसील पीपल्दा, डिप्टी ऑफिस सहित अन्य सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझा, अधिकारियों से जानकारी ली और सरकारी कार्यों की बारीकियों को करीब से जाना।

यह पहल खनक के लिए एक यादगार अनुभव रही। वहीं समाज में बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुई। स्थानीय लोगों ने भी इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।

0
0 views

Comment