धनबाद में सीएम के पोस्टर मामले में प्राथमिकी दर्ज, प्रशासन पर उठे सवाल
धनबाद : शहर के व्यस्त रणधीर वर्मा चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पोस्टर को सड़क पर पड़े रहने और उसके क्षतिग्रस्त होने के मामले में धनबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
धनबाद महानगर समिति के अध्यक्ष मन्टू कुमार चौहान ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से पोस्टर को सड़क पर फेंका गया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को रणधीर वर्मा चौक पर यह पोस्टर घंटों तक सड़क पर पड़ा रहा और राहगीरों व वाहनों के नीचे रौंदता रहा। हैरानी की बात यह रही कि पोस्टर के पास ही ट्रैफिक पुलिस पोस्ट मौजूद थी, लेकिन किसी भी अधिकारी या कर्मी ने उसे हटाने की पहल नहीं की।
लगातार वाहनों की आवाजाही के कारण पोस्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही करार देते हुए सवाल उठाए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।