logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

धनबाद में मेगा वाहन जांच अभियान, 623 वाहनों की जांच—200 पर कार्रवाई


धनबाद:-धनबाद में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को मेगा वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर एक साथ संचालित किया गया।

अभियान के दौरान कुल 623 वाहनों की सघन जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 200 वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटा गया। पुलिस की टीम हर वाहन की बारीकी से जांच करती नजर आई।

सबसे ज्यादा कार्रवाई फैंसी नंबर प्लेट वाले वाहनों पर की गई। जांच में 125 वाहनों पर अवैध और डिजाइनर नंबर प्लेट पाई गई, जिनके खिलाफ मौके पर ही चालान किया गया और उन्हें मानक नंबर प्लेट लगाने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा हेलमेट नियमों को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अब दोपहिया वाहन पर चालक के साथ-साथ पीछे बैठे व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। बिना हेलमेट चलने वालों पर जुर्माना लगाया गया।

चारपहिया वाहनों में काले शीशे (ब्लैक फिल्म) लगाने वालों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने ऐसे वाहनों को रोककर नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए सख्त चेतावनी दी। साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की गई।

ट्रैफिक डीएसपी अरविन्द कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें।

पुलिस ने साफ कर दिया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

8
2820 views

Comment