logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शाहजहांपुर में चैत्र नवरात्र 2026 की धूम, मंदिरों में गूंजे भक्ति के स्वर

महाराज सिंह संवाददाता शाहजहांपुर।
24 मार्च 2026 (मंगलवार)।
जनपद शाहजहांपुर में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और पूजा-पाठ, हवन व आरती का क्रम पूरे उत्साह के साथ जारी है। महिला, पुरुष एवं बच्चे श्रद्धा और आस्था के साथ व्रत रखकर मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं।

आज नवरात्र के छठे दिन मां कात्यायनी देवी का पूजन-अर्चन विशेष रूप से किया गया। इस अवसर पर माताओं एवं बहनों ने व्रत, भजन-कीर्तन और संकीर्तन के माध्यम से मां का गुणगान करते हुए हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाया। मान्यता है कि मां कात्यायनी की पूजा करने से अविवाहित कन्याओं को योग्य वर की प्राप्ति होती है, वहीं विवाहित महिलाओं को अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मिलता है।

शहर के प्रमुख मंदिरों, विशेषकर दुर्गा माता मंदिर, मंडी चौक में दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। मंदिर के मुख्य पुजारी अरुण कुमार शुक्ल शास्त्री ने बताया कि व्रत और उपवास में सबसे अधिक महत्व श्रद्धा और निष्ठा का होता है। उन्होंने कहा कि पूजा-अर्चना में दिखावे के बजाय भाव का होना आवश्यक है, क्योंकि माता रानी सच्चे मन से की गई भक्ति से ही प्रसन्न होती हैं।

उन्होंने आगे कहा कि मां दुर्गा अपने भक्तों को दैहिक, दैविक और भौतिक तीनों प्रकार के कष्टों से मुक्ति प्रदान करती हैं और जीवन में सद्बुद्धि का मार्ग प्रशस्त करती हैं। इस संदर्भ में उन्होंने कहा—
"अपना अपना भाव है, अपना अपना ध्यान, जिसका जैसा ध्यान है, वैसा ही कल्याण।"

नवरात्र के चलते पूरे शहर का माहौल भक्तिमय बना हुआ है। जगह-जगह भजन-कीर्तन, हवन-यज्ञ और देवी जागरण का आयोजन हो रहा है। श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ मां दुर्गा की आराधना में लीन हैं, जिससे शाहजहांपुर में आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

5
101 views

Comment