logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सांसद अरुण सागर ने सदन में उठाई ओसीएफ इंटर कॉलेज शुरू करने की मांग

शाहजहांपुर।
शहर के प्रतिष्ठित ओसीएफ इंटर कॉलेज के बंद होने का मामला अब संसद तक पहुंच गया है। स्थानीय सांसद अरुण सागर ने नियम 377 के तहत सदन में यह मुद्दा उठाते हुए कॉलेज को पुनः रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।

सांसद ने सदन में दिए गए पत्र में कहा कि ओसीएफ इंटर कॉलेज, जो पहले ऑर्डिनेंस क्लोदिंग फैक्ट्री के अधीन संचालित होता था, लंबे समय से क्षेत्र का प्रमुख शिक्षण संस्थान रहा है। इसके बंद होने से हजारों विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हुई है और उन्हें अन्य विद्यालयों में स्थानांतरण के चलते कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि सत्र 2025-26 में छात्रों को दूसरे स्कूलों में भेजा गया, जिससे उनकी शिक्षा की निरंतरता बाधित हुई। साथ ही, शाहजहांपुर जिले में शिक्षा की स्थिति भी चिंता का विषय है। जहां देश की साक्षरता दर करीब 77 प्रतिशत है, वहीं जिले में यह लगभग 65 प्रतिशत के आसपास है।

अरुण सागर ने कहा कि जनपद में केवल दो केंद्रीय विद्यालय हैं, जिनमें सीटें सीमित हैं। ऐसे में ओसीएफ इंटर कॉलेज को रक्षा मंत्रालय के अधीन पुनः शुरू कर सीबीएसई बोर्ड से संचालित किया जाए और इसे केंद्रीय विद्यालय प्रणाली में शामिल किया जाए, तो यह क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

सांसद ने सरकार से इस प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग करते हुए कहा कि इससे न सिर्फ शिक्षा का स्तर सुधरेगा, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार उनकी इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी।

0
77 views

Comment