हमीरपुर की पहली पंचायत जहां हर गली-चौराहे पर कैमरों की नजर, अपराध नियंत्रण में मिलेगी मदद
कुरारा, हमीरपुर। विकास खंड कुरारा के अंतर्गत आने वाली कुरारा देहात ग्राम पंचायत ने ‘डिजिटल इंडिया’ के सपने को साकार करते हुए एक नई पहल की है। गांव के युवा ग्राम प्रधान अमित निषाद के नेतृत्व में पूरे गांव को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में लाया गया है।गांव की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से हर गली और प्रमुख चौराहों पर हाई-टेक कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों को इस तरह से स्थापित किया गया है कि गांव में आने-जाने वाले हर व्यक्ति और गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
कुरारा ब्लॉक की यह पहली ग्राम पंचायत बन गई है, जहां इस प्रकार की व्यापक सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। इससे चोरी, छेड़खानी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है।