शाहजहांपुर में 87 पंचायतें टीबी मुक्त, प्रधानों को गांधी प्रतिमा व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान
शाहजहांपुर। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने टीबी मुक्त पंचायतों के ग्राम प्रधानों को गांधीजी की प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन इस वर्ष की थीम “Yes We Can End TB: Commit, Invest, Deliver” के तहत किया गया।
जिले में इस बार कुल 87 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित की गईं। इनमें 02 पंचायतों को गोल्ड, 18 को सिल्वर और 67 को ब्रॉन्ज श्रेणी में सम्मानित किया गया। गोल्ड श्रेणी उन पंचायतों को दी गई जो लगातार तीन वर्षों से टीबी मुक्त मानकों पर खरी उतरीं, जबकि सिल्वर और ब्रॉन्ज क्रमशः दो और एक वर्ष की उपलब्धि पर प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी ने सम्मानित प्रधानों को बधाई देते हुए कहा कि गोल्ड पाने वाली पंचायतें अपनी उपलब्धि को बनाए रखें, जबकि अन्य पंचायतें अगले स्तर तक पहुंचने का प्रयास करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि 15 दिन से अधिक खांसी होने पर जांच अवश्य कराएं और टीबी रोग को छिपाने के बजाय समय पर उपचार लें। उन्होंने कहा कि नियमित दवा सेवन से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर बलगम जांच और एक्स-रे की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है तथा टीबी का इलाज भी मुफ्त किया जाता है। जिला क्षय रोग अधिकारी ने जानकारी दी कि अधिकांश ग्राम प्रधान निक्षय मित्र के रूप में कार्य कर रहे हैं और उन्हें टीबी मरीजों को हर माह पोषण पोटली उपलब्ध करानी चाहिए।
कार्यक्रम में डीपीसी सिद्धार्थ गुप्ता, एसटीएलएस सुभाष खन्ना, एसटीएस मोहित कुमार वर्मा, टीबीएचवी अनिल गिहार व नरेंद्र मिश्रा, डीईओ रोहित कुमार मिश्रा, डीपीपीएमसी आरती सिंह सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।