शोभागपुरा में हनुमंत जन जागरण सेवा समिति की नई कार्यकारिणी का गठन, संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ आयोजित
इटावा, 24 मार्च।
शोभागपुरा गांव में श्री हनुमंत जन जागरण सेवा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार रात्रि को बालाजी महाराज के मंदिर परिसर में आयोजित की गई। इस बैठक में समिति के सदस्यों एवं ग्रामवासियों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक के बाद श्रद्धा और भक्ति के माहौल में सामूहिक संगीतमय हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया, जिसमें गांव के बड़ी संख्या में पुरुषों और महिलाओं ने भाग लिया।
बैठक के दौरान समिति के अध्यक्ष पद पर दुलीचंद नागर को नियुक्त किया गया। इसके साथ ही कार्यकारिणी के अन्य पदों पर भी जिम्मेदारियों का वितरण किया गया। चेतराम नागर को उपाध्यक्ष बनाया गया, जबकि गजानन नागर, पप्पू लाल सेन, नंद बिहारी खालोत्या और रमेश को संरक्षक मंडल में शामिल किया गया। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी जानकी लाल खालोत्या व उप कोषाध्यक्ष के रूप में लालचंद नागर को नियुक्त किया गया।
धार्मिक कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए आरती प्रमुख के रूप में कैलाश चंद नागर, प्रचार प्रमुख युधिष्ठिर नागर और कैलाश को बनाया गया। वहीं हनुमान चालीसा चयन समिति में युधिष्ठिर, गौरी शंकर नागर, नेमीचंद नागर, रघुवीर जांगिड़, गुलाबचंद, रामहेत और जगदीश पहाड़िया को शामिल किया गया। व्यवस्था प्रमुख अरविंद, राधेश्याम नायक, रघुवीर जांगिड़, भगवान और सोनू करसोलिया, मंच संचालन की जिम्मेदारी पप्पू लाल सेन और कैलाश थानीवाल को दी गई है।
प्रचार प्रमुख युधिष्ठिर नागर ने जानकारी देते हुए बताया कि समिति द्वारा शोभागपुरा गांव में प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को निःशुल्क संगीतमय श्री हनुमान चालीसा का नियमित पाठ आयोजित किया जाता है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक आयोजनों को सफल बनाने की अपील भी की। बैठक का समापन धार्मिक वातावरण और सामूहिक भक्ति के साथ हुआ।