logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

धनबाद में राम नवमी पर हाई अलर्ट, पुलिस की ‘Zero Tolerance’ नीति लागू, जुलूस के लिए तय मार्ग अनिवार्य, 100 लोगों की सीमा तय



डीजे, हथियार और भड़काऊ नारों पर पूर्ण प्रतिबंध,ड्रोन निगरानी और लगातार फ्लैग मार्च से कड़ी सुरक्षा



सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी



धनबाद | 23 मार्च 2026-:आगामी राम नवमी के मद्देनजर धनबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसपी प्रभात कुमार ने कड़े दिशानिर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि इस बार उपद्रवियों के खिलाफ ‘Zero Tolerance’ नीति अपनाई जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



निर्धारित मार्ग और सीमित संख्या अनिवार्य



पुलिस के निर्देशानुसार सभी अखाड़ा और जुलूस केवल लाइसेंस में निर्धारित मार्ग से ही गुजरेंगे। किसी भी प्रकार का रूट परिवर्तन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्येक जुलूस में अधिकतम 100 लोगों की ही अनुमति दी गई है, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर तरीके से संभाला जा सके।



पहचान और निगरानी पर विशेष जोर



हर अखाड़ा समिति को 20 स्वयंसेवकों की सूची उनके नाम, मोबाइल नंबर और फोटोयुक्त पहचान पत्र के साथ संबंधित थाने में जमा करना अनिवार्य किया गया है। साथ ही जुलूस में शामिल प्रत्येक व्यक्ति को पहचान पत्र रखना होगा। पूरी शोभायात्रा की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी अनिवार्य कर दी गई है।



डीजे, हथियार और भड़काऊ नारों पर पूर्ण प्रतिबंध

एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जुलूस के दौरान डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी प्रकार के हथियारों का प्रदर्शन, खतरनाक करतब, अश्लील गाने या भड़काऊ नारे सख्त वर्जित हैं। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



ड्रोन निगरानी और फ्लैग मार्च



संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। पुलिस द्वारा जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन भी किया जा रहा है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को पहले ही टाला जा सके।



सोशल मीडिया पर कड़ी नजर



पुलिस की साइबर सेल और मीडिया सेल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रख रही है। अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।



अवैध गतिविधियों पर भी सख्ती

राम नवमी के दौरान अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सभी थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

ट्रैफिक प्लान भी तैयार



जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।



पुलिस की अपील



धनबाद पुलिस ने नागरिकों और अखाड़ा

समितियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और पर्व को शांति, भाईचारे और अनुशासन के साथ मनाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सहयोग करने वालों का सम्मान होगा, लेकिन नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।

5
665 views

Comment