समाजसेवी हरीश धनदेव राजस्थान बास्केटबॉल संघ के उपाध्यक्ष निर्वाचित
जैसलमेर। सीमावर्ती जिले जैसलमेर के लिए खेल और युवा नेतृत्व से जुड़ी एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। जैसलमेर जिला परिषद सदस्य एवं कांग्रेस के युवा नेता हरीश धनदेव को राजस्थान बास्केटबॉल संघ का प्रदेश उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। उनके इस मनोनयन से जिले के खेल प्रेमियों युवाओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। हरीश धनदेव लंबे समय से युवाओं के बीच सक्रिय भूमिका निभाते हुए जनहित और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देते रहे हैं। जिला परिषद सदस्य के रूप में उन्होंने क्षेत्रीय मुद्दों को मजबूती से उठाया है और युवाओं को खेलों से जोड़ने के प्रयास किए हैं। अब प्रदेश स्तर पर मिली इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से जैसलमेर सहित पश्चिमी राजस्थान के सुदूर क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को नया मंच मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।उपाध्यक्ष बनाए जाने पर हरीश धनदेव ने शीर्ष नेतृत्व एवं संघ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्राथमिक लक्ष्य प्रदेश में बास्केटबॉल खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना ग्रामीण प्रतिभाओं की पहचान करना तथा युवाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के अवसर उपलब्ध कराना रहेगा। उनके चयन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों सामाजिक संगठनों और युवाओं ने इसे जैसलमेर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। समर्थकों ने धनदेव को युवा शक्ति का प्रतीक बताते हुए विश्वास जताया कि उनकी कार्यकुशलता से प्रदेश में बास्केटबॉल को नई दिशा मिलेगी। जिले में जगह-जगह समर्थकों ने खुशी जाहिर करते हुए इसे जैसलमेर के खेल इतिहास के लिए महत्वपूर्ण क्षण बताया है।