फतेहपुर में दिनदहाड़े जुए की महफिल, कानून व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल!
फतेहपुर जिले के चांदपुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दिन के उजाले में खुलेआम जुए की फड़ सज रही है। हैरानी की बात यह है कि इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, फिर भी जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हैं।
अपराध बेलगाम, पुलिस नाकाम?
चांदपुर थाना क्षेत्र में अगर अपराध की बात करें तो दर्जनों चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। सवाल उठता है कि आखिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगाम क्यों नहीं लग पा रही?
सूत्रों के मुताबिक, थाना में तैनात दरोगा पर कई गंभीर आरोप लगे और सीओ स्तर की जांच भी बैठाई गई। लेकिन ये जांचें फाइलों में दबकर रह गईं या “ऑल इज वेल” का तमगा देकर बंद कर दी गईं—यह अब तक साफ नहीं है।
अवैध धंधों का गढ़ बना क्षेत्र
थाना क्षेत्र में अवैध खनन, अवैध परिवहन, जुआ, और इंट्री का खेल खुलेआम चल रहा है। क्या अफसर इन पर लगाम लगाने में बेबस हैं या फिर सब कुछ जानते हुए भी अनदेखी कर रहे हैं?
केवटरा गांव बना अड्डा?
वायरल वीडियो अमौली चौकी के पास स्थित केवटरा गांव का बताया जा रहा है। यहां परचून की दुकानों में अवैध शराब, गांजा और जुए जैसे अपराध चरम पर बताए जा रहे हैं। आरोप तो यहां तक हैं कि पुलिस कार्रवाई के बजाय “मलाई काटने” में जुटी हुई है।
एसपी की सख्ती बेअसर?
जिले के कप्तान अभिमन्यु मांगलिक भले ही अपराध मुक्त फतेहपुर का दावा करते हों और थानेदारों को सख्त निर्देश दिए हों, लेकिन चांदपुर थाना क्षेत्र में हालात कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं।
क्या ये जांचें यूं ही दफन हो जाएंगी?
क्या कानून व्यवस्था सिर्फ कागजों तक सीमित रह जाएगी?
अब जरूरत है ठोस कार्रवाई की, वरना अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे!