बृजमनगंज:आलमाइटी ने सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को साइकिल देकर किया पुरस्कृत
नगर पंचायत बृजमनगंज स्थित आलमाइटी पब्लिक प्राइमरी स्कूल एवं आलमाइटी पब्लिक इंटरमीडिएट कालेज के संयुक्त तत्वाधान में अभिभावक-शिक्षक सभा एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें एल०केजी० से लेकर कक्षा 11 तक के छात्र- छात्राओं के वार्षिक परीक्षा के अंक पत्रों का वितरण किया गया।सभा में उपस्थित अभिभावकों ने अपने पाल्य-पाल्या की प्रगति रिपोर्ट देखी एवं अपने सुझाव भी दिए।
विद्यालय के प्रबंधक महमूद आलम ने कहा कि अच्छी शिक्षा और संस्कार ही सफलता का माध्यम है।विद्यालय प्रत्येक छात्र-छात्रा को हर पहलू से प्रखर बनाने में निरंतर प्रयत्नशील है।इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित विशाल पुस्तकालय खोला गया है।उन्होंने नये सत्र में बच्चों को नियमित तौर पर विद्यालय भेजने,साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह अभिभावकों को दी।सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रबंधक महमूद आलम द्वारा साइकिल एवं प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।प्री-प्राइमरी में हुदा खान,प्राइमरी में आरोही कुमारी,जूनियर में खुशी अग्रहरी तथा सीनियर वर्ग में सबा परवेज ने सर्वोच्च अंक प्राप्त किया।विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार ने कहा कि परीक्षा में कम अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं निराश न हों वे नये सत्र में अपनी कमियों को दूर करें। बच्चों के विकास में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका अहम होती है,दोनों अपनी जिम्मेदारी को समझें।इस अवसर पर आलमाइटी पब्लिक प्राइमरी स्कूल के प्रधानाध्यापक ईश्वर चन्द्र चौरसिया तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।