फतेहपुर जनपद मे गेहूं के खेत में मिला युवक का शव, हत्या या हादसा की आशंका से सनसनी
खागा (फतेहपुर), 24 मार्च।
थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के ग्राम अफोई में उस समय हड़कंप मच गया, जब हिंदुस्तान पेट्रोल पंप के पास गेहूं के खेत में एक 22 वर्षीय युवक का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान ऐलई गांव निवासी बुधराम (22) पुत्र छेद्दू पासवान के रूप में हुई है। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव खेत में फेंके जाने की आशंका जताई है, जिससे मामला गंभीर हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी, थाना पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में जुट गई। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल हर पहलू से जांच की जा रही है।
ग्रामीणों में घटना को लेकर दहशत का माहौल है, वहीं परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।