मूलभूत सुविधाओं और सरकारी दस्तावेज बनाने की मांग: गाड़िया लोहार समाज ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा
झालावाड़ में गाड़िया लोहार समाज के लोगों ने मिनी सचिवालय में प्रदर्शन किया और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने समाज के परिवारों को मूलभूत सुविधाएं और सरकारी दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग की।
राजस्थान गाड़िया लोहार युवा विकास संस्थान पुष्कर अजमेर की ओर से दिए गए ज्ञापन में झालावाड़ जिलाध्यक्ष बालचन्द लोहार ने बताया कि समाज के कई परिवार आज भी आवश्यक दस्तावेजों और मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। इस कारण उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
बड़ी संख्या में लोगों के आधार कार्ड, राशन कार्ड और जन आधार कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज नहीं बने हैं। इसके अभाव में वे सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
कई स्थानों पर पेयजल (नल कनेक्शन) की उचित व्यवस्था नहीं है। कुछ परिवारों के पास आवास नहीं हैं, और जिनके पास आवास हैं, उनके पास भूमि के पट्टे नहीं हैं।
समाज ने जिला मुख्यालय, झालावाड़ में गाड़िया लोहार समाज के लिए तीन दिवसीय विशेष शिविर (कैंप) आयोजित करने की मांग की है, ताकि आवश्यक दस्तावेज बनाए जा सकें।
ज्ञापन सौंपने के लिए पिपलिया, अकलेरा, भवानीमंडी, असनावर, झालरापाटन सहित कई अन्य इलाकों से लोग झालावाड़ के मिनी सचिवालय पहुंचे और अपनी मांगों से जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ को अवगत कराया।
उल्लेखनीय है कि गाड़िया लोहार परिवार घुमंतू जाति की श्रेणी में आते हैं। हालांकि, कुछ समय से ये परिवार अब स्थायी रूप से रहने लगे हैं। सरकार की ओर से भी इनके लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन कई नियमों और सरकारी दस्तावेजों के अभाव में इन्हें पर्याप्त लाभ नहीं मिल पा रहा है।
Aima मीडिया झालावाड़