logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

ग्वालियर जिले में 25 मार्च से लगेगा पुस्तक मेला

25 मार्च से लगेगा पुस्तक मेला

सस्ती दर पर मिलेंगीं विभिन्न स्कूलों की किताबें, स्टेशनरी व यूनीफॉर्म

पुस्तक मेले को लेकर पुस्तक विक्रेताओं में उत्साह, देंगे आकर्षक छूट

ग्वालियर जिले में संचालित विभिन्न स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों को सस्ती दर पर किताबें, यूनीफॉर्म व स्टेशनरी उपलब्ध कराने के लिये ग्वालियर में 25 मार्च से 03 अप्रैल तक पुस्तक मेला (बुक फेयर) लगने जा रहा है। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप यह बुक फेयर जिला प्रशासन द्वारा ग्वालियर मेला में सूर्य नमस्कार तिराहा के समीप स्थित शिल्प बाजार में लगाया जा रहा है। पुस्तक मेले को लेकर पुस्तक विक्रेताओं, अभिभावकों व बच्चों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
पुस्तक मेले में सीबीएसई, आईएसई एवं एमपी बोर्ड से संबंध सभी निजी स्कूलों के पाठ्यक्रम के अनुसार पुस्तकें व यूनीफॉर्म उपलब्ध रहेंगी। जिला प्रशासन द्वारा बच्चों व उनके अभिभावकों के हित को ध्यान में रखकर लिए गए पुस्तक मेला लगाने के निर्णय का पुस्तक प्रकाशकों (पब्लिशर्स) व डीलर्स ने स्वागत किया है।
पुस्तक विक्रेताओं को जिले के विभिन्न स्कूलों के पाठ्यक्रम उपलब्ध करा दिए गए हैं। साथ ही उनसे कहा गया है कि निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार पुस्तकों के सेट बच्चों एवं उनके अभिभावकों को उपलब्ध कराएं। वेंडर्स यानि पुस्तक विक्रेताओं द्वारा पहले से ही स्पष्ट कर दिया गया है कि पुस्तक मेला मे किताबें, स्टेशनरी व ड्रेस खरीदने वाले अभिभावकों को विशष छूट दी जायेगी। पुस्तक मेला लगने से अनाधिकृत पुस्तकें बेचने की प्रवृत्ति पर भी प्रभावी रोक लगेगी।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने स्पष्ट किया कि पुस्तक मेला अवधि के दौरान बाजार में किसी भी पुस्तक की दुकान से स्कूली पुस्तकें व स्टेशनरी नहीं बेची जा सकेंगीं। इस पर पुस्तक विक्रेताओं एवं एसोसिएशन के अधिकारियों ने भी सामूहिक रूप से सहमति जताई है।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिये बनेगा बुक बैंक

आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जरूरतमंद बच्चों को नि:शुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिये पुस्तक मेला परिसर में बुक बैंक भी स्थापित किया जायेगा। ऐसे स्कूली विद्यार्थी जो अपनी पिछली कक्षा की किताबें दान करना चाहते हैं वे बुक बैंक में अपनी किताबें जमा कर सकेंगे। ज्ञात हो पिछली साल बनाए गए बुक बैंक से 700 जरूरतमंद बच्चों ने नि:शुल्क पुस्तकें प्राप्त की थीं।

हैल्पलाइन नंबर जारी

पुस्तक विक्रेताओं एवं स्कूली बच्चों व उनके अभिभावकों की मदद के लिए जिला प्रशासन द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से हैल्पलाईन नंबर भी जारी कराया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कॉर्डिनेटर आईटी सेल श्री अरविंद तोमर (मोबा. 98935-87573) से संपर्क कर पुस्तक मेला के संबंध मे जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। साथ ही पुस्तक मेला के संबंधित समस्याएं भी दर्ज कराई जा सकेंगी।

पुस्तक के सेट की कीमत का परीक्षण होगा

स्कूलों द्वारा निर्धारित पुस्तकों के सेट की कीमत का परीक्षण भी जिला प्रशासन द्वारा कराया जा रहा है। पिछली साल के पुस्तक मेले में अभिभावकों व विद्यार्थियों द्वारा दर्ज किए गए फीड बैक का अध्ययन कर इस बार के मेले को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

पुस्तक मेले में पार्किंग की भी पुख्ता व्यवस्था

प्रशासन द्वारा 25 मार्च से 03 अप्रैल तक आयोजित किए जा रहे पुस्तक मेले में आने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के लिये मेले में सभी व्यवस्थायें की गई हैं। वाहन पार्किंग के लिये भी पृथक से व्यवस्था की गई है।
#school
#schooleducation
#gwalior
CM Madhya Pradesh

28
754 views

Comment