logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर डीएम का सख्त रुख, संचारी रोग नियंत्रण व टीबी उन्मूलन अभियान को दी सर्वोच्च प्राथमिकता ।

बाराबंकी-जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने आज लोक सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने अप्रैल माह से संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा, जबकि “दस्तक अभियान” 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित होगा। यह अभियान दो चरणों में संपन्न होगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अभियान से पूर्व आवश्यक बैठकों का आयोजन कर कार्य योजना तैयार कर समय से स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराएं तथा प्रशिक्षण सुनिश्चित करें।
टीबी मुक्त जनपद के लक्ष्य को लेकर जिलाधिकारी ने 100 दिवसीय खोज अभियान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने वर्नेबल वर्गों में चिन्हित मरीजों का त्वरित उपचार सुनिश्चित करने तथा लाभार्थियों को डीबीटी भुगतान समय से कराने के निर्देश दिए।
टीकाकरण को लेकर उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में कहीं भी जीरो सेशन की स्थिति नहीं होनी चाहिए और रूटीन इम्यूनाइजेशन 90 प्रतिशत से ऊपर रखा जाए। लक्ष्य से कम प्रगति वाले ब्लॉकों के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रसव केवल स्वास्थ्य संस्थानों में ही कराया जाए। इसके साथ ही डिलीवरी प्वाइंट्स को सक्रिय करते हुए आवश्यकतानुसार नए केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
वीएचएनडी सत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा कि इन सत्रों का आयोजन समयबद्ध तरीके से हो और निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।
आयुष्मान कार्ड एवं आभा आईडी निर्माण में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने एमओआईसी टिकैतनगर का वेतन बाधित करने एवं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को इन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारीगण, सीएचसी अधीक्षक, बीपीएम, बीसीपीएम, आयुष्मान अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

2
530 views

Comment