logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शाहजहांपुर में मत्स्य निरीक्षक रिश्वत लेते गिरफ्तार, टेंडर के नाम पर मांगे थे 10 हजार

शाहजहांपुर।
जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत एंटी करप्शन टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मत्स्य विभाग के निरीक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी निरीक्षक की पहचान पूरनलाल के रूप में हुई है, जिसे तिलहर तहसील गेट के पास से पकड़ा गया।

जानकारी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने बरेली स्थित एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि मत्स्य निरीक्षक पूरनलाल टेंडर प्रक्रिया में सहयोग करने के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायतकर्ता ने कई बार बिना रिश्वत काम करने का अनुरोध किया, लेकिन निरीक्षक ने साफ मना कर दिया।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत सोमवार को टीम शाहजहांपुर पहुंची और शिकायतकर्ता को निरीक्षक को रिश्वत देने के लिए कहा। जैसे ही तिलहर तहसील गेट के पास आरोपी ने 10 हजार रुपये लिए, टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को कटरा थाने ले गई, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, क्षेत्राधिकारी तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि एंटी करप्शन टीम ने मत्स्य निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है और सरकारी विभागों में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

0
0 views

Comment