logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बस खराब होने से खुला राज: डेढ़ किलो अफीम के साथ झारखंड का तस्कर गिरफ्तार

शाहजहांपुर ।,
23 मार्च। जिले के रोजा थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस ने एक अंतरजनपदीय अफीम तस्कर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के पास से करीब डेढ़ किलो अफीम बरामद की गई है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। दिलचस्प बात यह रही कि बस खराब होने के कारण आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तस्कर की पहचान लिपी सोय निवासी खूंटी (झारखंड) के रूप में हुई है। वह झारखंड से अफीम लेकर बरेली जनपद के आंवला क्षेत्र में सप्लाई देने जा रहा था।

घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा

रोजा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हाईवे के रास्ते अफीम की तस्करी करने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अटसलिया पुल के पास घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान एक बस वहां आकर रुकी, जो अचानक खराब हो गई। बस में सवार यात्री नीचे उतरकर दूसरी बस का इंतजार करने लगे।

इसी बीच पुलिस को एक युवक संदिग्ध अवस्था में नजर आया। पूछताछ के बाद जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से डेढ़ किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।

मोबाइल व नकदी भी बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और 1600 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। बरामद अफीम को सील कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पहले भी कर चुका है तस्करी
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पहले भी कई बार अफीम की तस्करी कर चुका है। इस बार वह झारखंड से माल लाकर बरेली के आंवला में एक तस्कर को देने जा रहा था, लेकिन रास्ते में बस खराब होने के कारण वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। साथ ही पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

0
0 views

Comment