मिशन शक्ति अभियान के तहत निकाली गई पैदल गश्त, महिलाओं को किया जागरूक
शाहजहांपुर ,
23 मार्च। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) आश्रम के तहत सोमवार को जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित इस अभियान में अधिकारियों व पुलिसकर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आमजन को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी तिलहर समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में रिजर्व पुलिस लाइन से शहीद उद्यान तक पैदल गश्त निकाली गई। इस दौरान महिला आरक्षियों सहित पुलिस बल ने रास्ते में लोगों, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
गश्त के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर रुककर महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही आत्मरक्षा के सरल उपायों के बारे में भी विस्तार से बताया गया, ताकि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति में स्वयं को सुरक्षित रख सकें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता ही सुरक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है और महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए।
अभियान के अंतर्गत महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, एम्बुलेंस सेवा 108 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों ने पम्पलेट वितरित कर सरकारी योजनाओं और सुरक्षा तंत्र के बारे में भी बताया, जिससे अधिक से अधिक लोग इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए पुलिस हर समय तत्पर है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की उत्पीड़न या आपात स्थिति में बिना किसी भय के तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस जनजागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज में सुरक्षित वातावरण स्थापित करना है। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने सहभागिता करते हुए पुलिस की पहल की सराहना की।