Bijnor: बैंक्वेट हॉल में बन रहा था नामचीन ब्रांड का नकली गुटखा, कुंतल के हिसाब से माल बरामद, पांच पर रिपोर्ट
हल्दौर के गांव पावटी स्थित बैंक्वेट हॉल में नकली गगन गुटखा बनाया जा रहा था। कंपनी के डायरेक्टर ने बैंक्वेट संचालक समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने भारी मात्रा में करीब पांच लाख रुपये कीमत का तैयार और कच्चा माल बरामद किया है।
हल्दौर क्षेत्र के गांव पावटी के पास स्थित फैरी बैंक्वेट हॉल में नकली गगन गुटखा बनाने पर पुलिस ने कंपनी डायरेक्टर की तहरीर पर बैंक्वेट हॉल संचालक समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली गुटखा, कच्चा माल और पैकिंग मशीन सहित पांच लाख रुपये से ज्यादा का सामान सीज किया है।
गांव पावटी के पास बिजनौर-मुरादाबाद स्टेट हाईवे मार्ग पर स्थित फेरी फार्म हाउस में अवैध रूप से गगन कंपनी के नाम से गुटखा तैयार किया जा रहा था। सूचना मिलने पर रविवार शाम पुलिस, प्रशासन, केंद्रीय जीएसटी एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। साथ ही गगन कंपनी के डायरेक्टर अनिल गुप्ता की तहरीर पर बैंक्वेट हॉल संचालक नूरपुर के मोहल्ला कबीरनगर निवासी आदिल, अब्दुल रहमान, नूरपुर थाना के गांव कुंडा निवासी युसुफ, बरेली निवासी अजय, बदायूं निवासी आसिफ के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने मौके से अब्दुल रहमान को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया है। नूरपुर में पकड़ी गई नकली गगन गुटखा बनाने की फैक्टरी के संचालन में भी अब्दुल रहमान का नाम सामने आया था।
अभिहीत अधिकारी नादिर अली ने बताया कि मौके से तैयार 2537 पाउच (आठ बोरे), 24 किलो खाली पाउच तथा तीन बोरी कच्चा माल (करीब 132 किलो) बरामद किया गया। इसके अलावा दो बोरी तंबाकू (करीब 62 किलो) पैकिंग मशीन और अन्य उपकरण सीज किए। वहीं, टीम ने पान मसाला पैक्डपाउच के दो, पान मसाला अपमिश्रक का एक, तंबाकू का एक नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा।
नूरपुर के मोहल्ला गांधीनगर में बंद मकान में नकली गगन गुटखा बनाने के मामले में भी आरोपी अब्दुल रहमान के खिलाफ करीब पांच माह पूर्व रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पांच अक्तूबर को एसआईबी अधिकारी विपिन तिवारी, अनिल राय और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीव सिंह की संयुक्त टीम ने छापा मारकर 15 बोरे तैयार माल, नौ कट्टे कच्चा माल, कांटा, पैकिंग मशीन और अन्य उपकरण बरामद किए थे। चांदपुर निवासी गगन गुटखा डिस्ट्रीब्यूटर अर्पित जावा की शिकायत पर कार्रवाई की गई थी। जांच में सामने आया था कि अब्दुल रहमान अपने साथी कुंडा निवासी यूसुफ के साथ मिलकर नकली गुटखा बनाकर बाजार में सप्लाई कर रहा था। टीम ने बरामद माल जब्त कर मकान को सील कर दिया था।
गगन गुटखा डिस्ट्रीब्यूटर अर्पित जावा की शिकायत पर कार्रवाई की गई थी। जांच में सामने आया था कि अब्दुल रहमान अपने साथी कुंडा निवासी यूसुफ के साथ मिलकर नकली गुटखा बनाकर बाजार में सप्लाई कर रहा था। टीम ने बरामद माल जब्त कर मकान को सील कर दिया था।
नादिर अली, अभिहीत अधिकारी, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, बिजनौर ने बताया की गगन गुटखा बनाने की नकली फैक्टरी पर छापा मारकर चार नमूने संग्रहित किए गए हैं। मौके पर पकड़ा गया पांच लाख रुपये से ज्यादा सामान सीज किया गया है। आगे भी अभियान जारी रहेगा।