बलियापुर के सिंघियाटांड़ में तनाव, साजिश की कोशिश नाकाम; पुलिस की सख्ती से हालात काबू में
धनबाद: बलियापुर थाना क्षेत्र के सिंघियाटांड़ बस्ती में एक संवेदनशील घटना के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इलाके में गाय का कटा हुआ सिर मिलने की खबर फैलते ही दो समुदायों के बीच टकराव की आशंका बढ़ गई और माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
घटना के बाद अफवाहों का दौर तेज हो गया, जिससे स्थिति बिगड़ने की आशंका उत्पन्न हो गई। हालांकि समय रहते प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया और बड़ी घटना टल गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम और बलियापुर सीओ मुरारी नायक और बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार के नेतृत्व में सिंदरी अनुमंडल के सभी थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित किया और क्षेत्र में शांति बहाल की।
तनाव को देखते हुए इलाके में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है। पुलिस की गश्ती बढ़ा दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व आपसी सौहार्द बनाए रखें। पुलिस अधिकारियों ने सख्त चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने, भड़काऊ संदेश प्रसारित करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर है और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस की तत्परता से एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस पूरी तरह सतर्क बनी हुई