भाटडीह बस्ती में विधायक रागिनी सिंह ने किया ट्रांसफार्मर का उद्घाटन, नुनुडीह में पाइप फटने पर अधिकारियों को लगाई फटकार
झरिया:-झरिया की विधायक रागिनी सिंह ने सोमवार को भाटडीह बस्ती में बिजली की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत देते हुए नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की अन्य समस्याओं का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इससे पूर्व विधायक रागिनी सिंह को सूचना मिली कि पाथरडीह–झरिया–सिंदरी मुख्य सड़क पर नुनुडीह दुर्गा मंदिर के समीप नगर निगम की जलापूर्ति पाइपलाइन फटने के कारण बार-बार सड़क पर बड़े गड्ढे बन जा रहे हैं, जिससे सड़क निर्माण कार्य बाधित हो रहा है और आवागमन में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सूचना मिलते ही विधायक सोमवार की संध्या नुनुडीह पहुंचीं और मौके पर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क मार्ग के ठेकेदार दरोगा प्रधान के प्रोजेक्ट ऑफिसर विक्रम साहू, कनीय अभियंता कुमुद बंद्योपाध्याय तथा नगर निगम फिल्टर प्लांट के संचालक संजय महतो को तत्काल स्थल पर बुलाकर कड़ी फटकार लगाई।
विधायक ने नगर निगम के पाइपलाइन जलापूर्ति के ठेकेदार संजय महतो को निर्देश दिया कि पाइपलाइन की मरम्मत कार्य तुरंत कराया जाए तथा सड़क पर बने गड्ढों की भराई शीघ्र सुनिश्चित की जाए। साथ ही सड़क निर्माण कार्य से जुड़े प्रोजेक्ट ऑफिसर विक्रम साहू एवं कनीय अभियंता कुमुद बंद्योपाध्याय को जर्जर सड़क का निर्माण कार्य बिना विलंब के पूरा करने का निर्देश दिया।
इसके बाद विधायक रागिनी सिंह भाटडीह बस्ती पहुंचीं, जहां लंबे समय से बिजली की समस्या झेल रहे ग्रामीणों के लिए उनकी पहल पर लगाए गए नए ट्रांसफार्मर का फीता काटकर उद्घाटन किया। ट्रांसफार्मर चालू होने से क्षेत्र के लोगों को नियमित बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
उद्घाटन के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक का फूल-माला पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया तथा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा नेता अभिषेक पांडे, उमेश यादव, विशाल श्रीवास्तव, स्वरूप राय, कौशिक राय, अमर कुमार, शशिकांत निराला, द्वारिका दसौंधी, चीकू महतो सहित अन्य स्थानीय कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।