धनबाद में डिप्टी मेयर अरुण कुमार चौहान ने संभाला पद, शहर के प्रदूषण को नियंत्रित करना होगी पहली प्राथमिकता
धूल, कचरा और औद्योगिक प्रदूषण पर सख्त निगरानी का ऐलान
धनबाद: धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित डिप्टी मेयर अरुण कुमार चौहान ने आज विधिवत रूप से पदग्रहण किया। इस अवसर पर नगर निगम परिसर में अधिकारियों और समर्थकों की मौजूदगी रही।
पदग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनका सबसे बड़ा लक्ष्य शहर में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धनबाद को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सख्त और प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
डिप्टी मेयर ने बताया कि धूल नियंत्रण, कचरा प्रबंधन और औद्योगिक प्रदूषण पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही नगर निगम की टीम के साथ समन्वय बनाकर सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि शहरवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उनके इस बयान के बाद लोगों में प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।