मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने छात्रों की समस्याओं पर की बैठक, दिए आवश्यक दिशा निर्देश
"उमेश कन्नौजिया"
बलिया :ओजस्वी राज से जिला कार्यालय में छात्रों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों के संबंध में बैठक की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने सभी छात्रों की समस्याओं को संवेदनशीलता और धैर्यपूर्वक सुना।
ओजस्वी राज ने छात्रों को छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और तकनीकी कारणों से आ रही बाधाओं की जानकारी दी। उन्होंने तथ्यात्मक रूप से पूरी प्रक्रिया समझाई और संख्यात्मक आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि सभी पात्र छात्रों के आवेदन संस्तुति सहित शासन को प्रेषित किए जा चुके हैं। निदेशालय स्तर से सभी जनपदों का पैसा शीघ्र ही छात्रों के खातों में अंतरित किया जाएगा। छात्रों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे अपने बैंक खातों का KYC और NPCI सुनिश्चित कर लें ताकि कोई समस्या न हो। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रों के आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन छात्रों के दस्तावेज पूर्ण हैं और जो पात्र हैं, उनकी छात्रवृत्ति के भुगतान में कोई अनावश्यक देरी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही, छात्रों से अपील की गई कि वे अपने शिक्षण संस्थानों के माध्यम से आवेदन की स्थिति की निगरानी करते रहें और किसी भी समस्या के लिए पोर्टल पर उपलब्ध हेल्पडेस्क का उपयोग करें। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी एवं विकास भवन के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। ज्ञात रहे कि हाल ही में छात्र अपने इन मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर चुके थे