logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

नहाय - खाय से चैती छठ महापर्व शुरू हुआ आज खरना

पटना/बिहार | AIMA MEDIA
आस्था, विश्वास और सूर्य उपासना का महान पर्व चैती छठ आज “नहाए-खाए” के साथ पूरे विधि-विधान से शुरू हो गया है। इस पावन अवसर पर व्रती श्रद्धालु सुबह पवित्र नदी, तालाब या घर में स्नान कर शुद्धता के साथ भगवान सूर्य की आराधना करते हैं। “नहाए-खाए” के दिन घरों में विशेष साफ-सफाई की जाती है और पूरी पवित्रता के साथ सात्विक भोजन तैयार किया जाता है। परंपरा के अनुसार व्रती कद्दू-भात (लौकी-भात) और चने की दाल का सेवन करते हैं, जिससे व्रत की शुरुआत होती है।
इसी क्रम में आज शाम को छठ पर्व का दूसरा और महत्वपूर्ण चरण खरना (लोहंडा) मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं और सूर्यास्त के बाद भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा करते हैं। पूजा के बाद गुड़ से बनी खीर, रोटी और केला का प्रसाद तैयार किया जाता है, जिसे पहले व्रती ग्रहण करते हैं और फिर परिवार व आसपास के लोगों में बांटा जाता है। खरना का प्रसाद अत्यंत पवित्र माना जाता है और इसे ग्रहण करना शुभ समझा जाता है।
राजधानी पटना समेत पूरे बिहार में छठ पर्व को लेकर उत्साह का माहौल है। घाटों की साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
छठ महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उषा अर्घ्य देकर व्रती भगवान सूर्य से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे।
AIMA MEDIA की ओर से सभी देशवासियों को चैती छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। 🙏

16
289 views

Comment