थके हुए मन को थोड़ा विश्राम दें
मनुष्य का जीवन अनमोल है, फिर भी अक्सर लोग इसे अनावश्यक चिंता, तनाव और गंभीरता से भर देते हैं ! बहुत से लोग हर समय किसी न किसी चिंता में डूबे ही रहते हैं. उनके चेहरे पर थकान, मन में भय और हृदय में असंतोष दिखाई देता है, मनु जीवन केवल संघर्ष और बोझ का नाम हो. सच्चाई यह है कि जीवन केवल कर्तव्यों व समस्याओं का नहीं, बल्कि आनंद आशा और संतुलन का नाम है !
आज के समय में अधिकांश लोग अपने काम, जिम्मेदारियों और भविष्य की चिंता में इतने उलझ जाते हैं कि वे वर्तमान की खुशी को महसूस नहीं कर पाते. हर छोटी बात को गंभीरता से लेना, हर परिणाम को जीवन मरण का प्रश्न बना देना और हर समय व्यस्त रहने की आदत मनुष्य को भीतर से थका देती है. जब मन लगातार तनाव में रहता है, तो धीरे-धीरे जीवन की खुशियां भी दिखाई देना बंद हो जाती है. वास्तव में जीवन को सहजता से जीना ही सच्ची बुद्धिमानी है. इसका अर्थ यह नहीं कि मनुष्य अपने कर्तव्यों से दूर भागे या प्रयास करना छोड़ दे, बल्कि यह है कि वह अपने प्रयासों के साथ संतुलन भी बनाए रखें. इसी मनुष्य हर परिस्थिति में थोड़ा धैर्य व हास्य तथा थोड़ी सकारात्मकता बनाए रखें, तो जीवन कहीं अधिक सरल और सुखद बन सकता है. तनाव से मुक्ति का एक सरल उपाय यह है कि मनुष्य अपने जीवन में आनंद के छोटे-छोटे क्षणों को महत्व दें !
खुशी केवल बड़ी उपलब्धियों में नहीं होती. वह छोटी-छोटी बातों में भी छिपी होती है. कभी किसी की सहायता करना, किसी को मुस्कान देना या किसी थके हुए व्यक्ति को उत्साह देना भी जीवन को अर्थपूर्ण बना देता है. जब मनुष्य दूसरों की जीवन में आशा और उत्साह का कारण बनता है, तब उसका अपना जीवन भी अधिक उज्जवल हो जाता है !
जीवन का उद्देश्य केवल चिंता करना नहीं है, बल्कि आशा के साथ आगे बढ़ना है. जब मनुष्य अपने विचारों को सकारात्मक बनाता है, तब उसका मन शांत होता है और तनाव धीरे-धीरे कम होने लगता है. इसलिए जरूरी है कि हम जीवन को बोझ न समझे, बल्कि उसे एक अवसर की तरह स्वीकार करें और हर दिन थोड़ी खुशी, थोड़ी आशा और थोड़ा प्रकाश खोजने का प्रयास करें !