बलिया - शहर के जगदीशपुर स्थित अपूर्वा हास्पिटल में पथरी के आपरेशन के बाद 24 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
रविवार रात स्वजन ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजन अस्पताल के सामने धरने पर बैठ गए और अस्पताल को सील करने व मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। रात 10:45 बजे खबर लिखे जाने तक हंगामा जारी रहा।
सुखपुरा क्षेत्र के देवकली निवासी सुप्रिया राय उर्फ अनीषा पत्नी चंचल राय रविवार को दोपहर करीब दो बजे इलाज के लिए अस्पताल पहुंची थीं। स्वजन के अनुसार पथरी का आपरेशन किया गया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर व सीओ सिटी ने स्वजन को कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन वह तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर डटे रहे।